1
1
IAS SP Goyal : लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद वरिष्ठ आईएएस और यूपी के मुख्य सचिव स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी पर चल रहे शशि प्रकाश गोयल (Shashi Prakash Goyal) नवरात्र में ज्वाइन करेंगे। जहां यूपी की नौकरशाही में इस बात का लेकर खुशी की लहर है वहीं बहुप्रतीक्षित तबादला सूची आने की भी चर्चा है।
सीनियर आईएएस अधिकारी एसपी गोयल (IAS S.P. Goyal) ने 31 जुलाई 2025 को ही यूपी के मुख्य सचिव का कार्यभार संभाला था। वे 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। मुख्य सचिव बनने से पहले एसपी गोयल आठ वर्षों तक मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। उनकी छवि निडर और बेबाक अफसर की मानी जाती है। सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के करीबी माने जाने वाले एसपी गोयल राजनीतिक दबाव से इतर फैसलों के लिए जाने जाते हैं।
उल्लेखनीय है स्वास्थ्य कारणों को लेकर मुख्य सचिव बनने के बाद 15 दिन के अंदर अचानक लंबी छुट्टी पर चले जाने से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में अटकलों का बाज़ार गर्म हो गया था। बाद में योगी सरकार ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर 1990 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार (Deepak Kumar) कार्यवाहक मुख्य सचिव का कार्यभार सौंप किया गया था। श्री कुमार वर्तमान में अपर मुख्य सचिव वित्त और कृषि उत्पादन आयुक्त के पद पर भी कार्यरत हैं। मुख्य सचिव (IAS S.P. Goyal) एस.पी. गोयल की रूटीन लाइफ में स्वास्थ के प्रति बहुत ही सजग है। सुबह एक घंटा वॉक करते हैं। उसके बाद शाम को अक्सर बैटमिंटन खेलते है। इसके अलावा खान-पान के प्रति काफी सतर्क रहते हैं। शाकाहारी भोजन काफी पसंद है।

शासन के सूत्रों का कहना है कि मुख्य सचिव बनने के बाद अपर मुख्य सचिव से लेकर प्रमुख सचिव और निदेशकों के तबादले की सूची तैयार हो गई थी। लेकिन अचानक मुख्य सचिव के अस्वस्थ हो जाने से सूची नहीं आ पाई है। नवरात्र के पहले दिन यानी 22 सितम्बर को मुख्य सचिव एस.पी. गोयल के ज्वाइन करने की प्रबल संभावना है। इसी दिन तबादला आने की चर्चा है।
वरिष्ठ आईएएस शशि प्रकाश गोयल ने अपने तीन दशक से अधिक के करियर में कई महत्वपूर्ण पद संभाले हैं। वह योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से 2017 से मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत थे। इसके अलावा उन्होंने नागरिक उड्डयन, संपत्ति, और प्रोटोकॉल जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली। श्री गोयल ने इटावा, मथुरा, मेरठ और प्रयागराज जैसे जिलों में जिला मजिस्ट्रेट के रूप में भी काम किया। जहां उनकी प्रशासनिक कुशलता और पारदर्शी कार्यशैली की सराहना हुई। एस.पी. गोयल की नियुक्ति तब हुई है जब मनोज कुमार सिंह के लिए केंद्र सरकार से एक साल के सेवा विस्तार का अनुरोध अस्वीकार कर दिया गया था।
यह भी पढ़े: CM Yogi: सीएम योगी का महिलाओं और बेटियों को लेकर सख्त निर्देश
इ-पेपर : Divya Sandesh